नशामुक्त युवा और सुरक्षित समाज के संकल्प के साथ ‘मिशन निर्माण’ संगोष्ठी संपन्न

जमशेदपुर: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जमशेदपुर पब्लिक स्कूल, बारीडीह में ‘मिशन निर्माण – नशामुक्त युवा जागरूकता संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। लक्ष्मी सुरभि संस्था और विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया।

संगोष्ठी में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज़ अहमद, मनोचिकित्सक डॉ. महेश हेम्ब्रम, तीस हजारी न्यायालय के अधिवक्ता अमिया पांडेय, जमशेदपुर जिला न्यायालय के अधिवक्ता यश पांडेय, संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी और सचिव राजेन्द्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को नशे के स्वास्थ्य, सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराया।

थाना प्रभारी फैज़ अहमद ने कहा कि नशे की लत चोरी, छिनतई सहित कई अपराधों की वजह बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। वहीं, डॉ. महेश हेम्ब्रम ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले मानसिक और शारीरिक नुकसान की जानकारी दी।

अधिवक्ता अमिया पांडेय और यश पांडेय ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के प्रावधानों तथा नशीले पदार्थों से जुड़े कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला।
संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने प्रेरक कहानी के माध्यम से नशे की लत का व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को साथियों के दबाव में गलत निर्णय लेने से बचने और जीवन में सही विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन अंकिता और खुशबू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिथु चंद्रा ने प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्य मधु रॉय, शंभू नाथ शाह, जसपाल सिंह, देबाशीष चंद्र, इंद्रजीत, रेनू, पुष्कर, विवेक और सत्येंद्र उपाध्याय के साथ विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।





टिप्पणियां