स्कूल के पीछे नाले से मिला लापता छात्र का शव, लापरवाही पर उठे सवाल; परिजनों का स्कूल के बाहर प्रदर्शन
- Rahul
- 20 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

कोरापुट: ओड़िशा के आदिवासी बहुल कोरापुट जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग के छात्रावासों की व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बोरीगुम्मा ब्लॉक के गुमुड़ा सरकारी उच्च विद्यालय में आठवीं कक्षा के एक छात्र के तीन दिनों से लापता रहने के बाद स्कूल के पीछे नाले से उसका शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृत छात्र की पहचान हरड़ागुड़ा पंचायत के माराड मालिगुड़ा गांव निवासी गुरुनाथ के रूप में हुई है। वह गुमुड़ा सरकारी उच्च विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों के अनुसार, छात्र पिछले सोमवार से विद्यालय परिसर से लापता था। बुधवार को स्कूल के पीछे स्थित एक नाले में उसका शव परित्यक्त अवस्था में मिला।

घटना को लेकर छात्र के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्र के लापता होने के बावजूद विद्यालय की ओर से न तो परिवार को इसकी सूचना दी गई और न ही संबंधित थाने को जानकारी दी गई। छात्र के शव मिलने के बाद परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।
सूचना मिलने पर बी. सिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। इधर, न्याय की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा छात्रावास एवं विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।





टिप्पणियां