top of page

मुन्नी बाबा धर्मशाला के पुनर्निर्माण की मुहिम तेज, मुकुंद रुंगटा ने की समाज से आगे आने की अपील

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 8 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन


चक्रधरपुर: शहर के बीचों-बीच पवन चौक स्थित गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की वर्षों पुरानी आस रही मुन्नी बाबा धर्मशाला के पुनर्निर्माण को लेकर अब एक बार फिर पहल तेज होती दिखाई दे रही है। प्रसिद्ध समाजसेवी मुकुंद रुंगटा ने धर्मशाला के निर्माण कार्य को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए शहरवासियों और समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर इस अभियान में सहयोग देने की अपील की है।


बुधवार को चक्रधरपुर बंगाली एसोसिएशन द्वारा आयोजित 51वें रक्तदान शिविर में शामिल होने पहुंचे मुकुंद रुंगटा ने इस मुद्दे पर अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुन्नी बाबा धर्मशाला केवल एक भवन नहीं, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सामाजिक कार्यक्रमों का सबसे सुलभ और भरोसेमंद केंद्र रही है। यहां कम खर्च में विवाह, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते थे, जिससे हजारों परिवारों को वर्षों तक लाभ मिला।



उन्होंने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए कुछ वर्ष पूर्व इसे नए निर्माण के उद्देश्य से तोड़ दिया गया था। हालांकि, दुर्भाग्यवश आज तक इसके पुनर्निर्माण की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि यह पूरे समाज के लिए चिंतन का विषय है कि इतनी महत्वपूर्ण सामाजिक धरोहर अब तक फिर से खड़ी नहीं हो सकी।


इस विषय को लेकर मुकुंद रुंगटा ने चक्रधरपुर के समाजसेवी संगठन भगेरिया फाउंडेशन के संस्थापक मनोज भगेरिया से विस्तार से चर्चा की। दोनों ने धर्मशाला के पुनर्निर्माण को लेकर सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और व्यापक जनसमर्थन जुटाने पर विचार-विमर्श किया।


मुकुंद रुंगटा ने कहा कि समाज के लिए किया गया कार्य कभी समाप्त नहीं होता। व्यक्ति भले ही एक दिन इस दुनिया में न रहे, लेकिन उसके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्य हमेशा जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग मिलकर आगे आएं तो मुन्नी बाबा धर्मशाला का आधुनिक एवं सुदृढ़ भवन तैयार किया जा सकता है, जिसका लाभ आने वाली कई पीढ़ियों तक गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा।


उन्होंने यह भी कहा कि उनका चक्रधरपुर से भावनात्मक लगाव रहा है। उनके पिता ने भी इस शहर में कई सामाजिक कार्य किए हैं और उनकी भी इच्छा है कि चक्रधरपुर में ऐसे जनहितकारी कार्यों के माध्यम से लोगों को स्थायी लाभ मिले। उन्होंने धर्मशाला निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी जताया।



वहीं, मनोज भगेरिया ने मुकुंद रुंगटा के साथ हुई मुलाकात को अत्यंत सकारात्मक और समाजहित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रुंगटा परिवार हमेशा से समाज सेवा की भावना के साथ कार्य करता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुकुंद रुंगटा की पहल से समाज के विभिन्न वर्गों में नई चेतना आएगी और लोग इस जनहित के कार्य में बढ़-चढ़कर योगदान देंगे।


मनोज भगेरिया ने बताया कि जल्द ही समाज के विभिन्न संगठनों और प्रबुद्ध लोगों की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें मुन्नी बाबा धर्मशाला के पुनर्निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से वर्षों से अधूरा पड़ा यह सपना जल्द ही साकार होगा और चक्रधरपुर को फिर से एक आधुनिक एवं सर्वसुलभ धर्मशाला की सौगात मिलेगी।



टिप्पणियां


bottom of page