top of page

चक्रधरपुर में बंगाली एसोसिएशन का 51वां रक्तदान शिविर संपन्न, रक्तदाताओं व समाजसेवियों का हुआ सम्मान

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 1 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर शहर के बंगाली एसोसिएशन की ओर से बुधवार को माँ दुर्गा मंदिर दुर्गाबाड़ी प्रांगण में 51वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुरुष के साथ साथ महिला रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं शहीद सीआईएसएफ जवान सतीश कुमार बेहरा के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।


रक्तदान शिविर के दौरान लोगों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं ने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और रक्तदान किया। शिविर में 170 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. जिसमें 7 महिलाओं ने भी रक्तदान किया. आयोजन समिति की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शिविर में जमशेदपुर ब्लड बैंक द्वारा रक्त संग्रह का कार्य किया गया।


51वें रक्तदान शिविर के विशेष अवसर पर रक्तदाता के साथ साथ चक्रधरपुर में वर्षों से रक्तदान अभियान को बढ़ावा देने वाले प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी बंगाली एसोसिएशन की ओर से सम्मानित किया गया। इसके अलावा करीब तीन दशक पूर्व संगठन में रक्तदान शिविर की शुरुआत करने वाले सदस्यों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। मौके पर जमशेदपुर ब्लड बैंक के जनरल मैनेजर संजय चौधरी और वालंटियर ब्लड डोनर संगठन के सुनील मुखर्जी भी मौजूद थे. सुनील मुखर्जी 84 साल के उम्र भी लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं।


कार्यक्रम में झारखंड के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रूंगटा मुख्य रूप से शामिल हुए। बंगाली एसोसिएशन के द्वारा मुकुंद रुंगटा को गुलदस्ता, प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. मौके पर मुकुंद रुंगटा ने संबोधित करते हुए बंगाली एसोसिएशन द्वारा लगातार आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि संगठन लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्य कर रहा है, जिनमें रक्तदान शिविर सबसे प्रेरणादायक पहल है।



उन्होंने कहा कि "रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। जो लोग रक्तदान करते हैं, वे वास्तव में मानवता की सेवा करते हैं।" उन्होंने सभी रक्तदाताओं तथा रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले संगठनों की भी प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मुकुंद रुंगटा ने चक्रधरपुर के समाजसेवी मनोज भगेरिया, बलराज हिंद्वार और करण महतो को प्रतीक चिन्ह और शोल भेंट कर सम्मानित किया(


कार्यक्रम के अंत में बंगाली एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बंगाली एसोसिएशन के सचिव प्रदीप मुखर्जी सहित संगठन के कई पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टिप्पणियां


bottom of page