top of page

राउरकेला आरटीओ कार्यालय में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 26 हजार रुपये रिश्वत लेते दो कर्मचारी गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 10 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

राउरकेला: राउरकेला क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में बुधवार को विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान धर्मेंद्र कुमार बेहरा और उनके सहयोगी निरंजन षंढ के रूप में हुई है। विजिलेंस अधिकारियों ने दोनों के पास से 26 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं और उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वाहन मालिक अपने ऋणग्रस्त वाहन का नया पंजीकरण प्रमाणपत्र (एफआरसी) बनवाने के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उसे विभिन्न बहाने बनाकर बार-बार कार्यालय के चक्कर लगवाए गए। बाद में उसकी मुलाकात धर्मेंद्र कुमार बेहरा और निरंजन षंढ से हुई। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने एफआरसी प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में 26 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। जब वाहन मालिक ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो दोनों ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि बिना पैसे दिए उसका काम नहीं होगा।


इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और जैसे ही दोनों कर्मचारियों ने 26 हजार रुपये की रिश्वत ली, उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। विजिलेंस विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की अवैध वसूली में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल है या नहीं।

टिप्पणियां


bottom of page