जमशेदपुर में 'लक्ष्मी सुरभि' की पहली बैठक संपन्न, वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू होगा सदस्यता अभियान
- Rahul
- 10 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

जमशेदपुर: वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाल जीवन के उद्देश्य से गठित सामाजिक संस्था 'लक्ष्मी सुरभि' की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक गुरुवार को स्वर्णबर्णिक समाज (जिला) सामुदायिक भवन, बाराद्वारी में आयोजित की गई। बैठक में संस्था की भावी कार्ययोजना, सामाजिक सरोकारों और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान शहर में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के सामने आने वाली सामाजिक, भावनात्मक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। सदस्यों ने इस बात पर मंथन किया कि ऐसे बुजुर्गों को किस प्रकार सुरक्षित, सम्मानजनक, स्वस्थ और आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराया जा सके, ताकि वे परिवार जैसा अपनापन महसूस कर सकें।
इस अवसर पर संस्था का आधिकारिक टैगलाइन "A Second Family for Every Senior" भी लॉन्च किया गया। संस्था का मानना है कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को दूसरा परिवार जैसा स्नेह, सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए और यही उसकी कार्यशैली का मूल आधार होगा। 'लक्ष्मी सुरभि' का संकल्प है— "प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को सम्मान, सुरक्षा, अपनापन और खुशहाल जीवन प्रदान करना।"

बैठक में संगठन के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और सदस्यों की जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया तथा सदस्यता प्रपत्र (Membership Form) भी जारी किया गया।
वित्तीय पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया कि संस्था से संबंधित सभी आय-व्यय और वित्तीय लेन-देन केवल 'लक्ष्मी सुरभि' के अधिकृत बैंक खाते के माध्यम से ही किए जाएंगे। संस्था के बैंक खाते के संचालन और वित्तीय अभिलेखों के रख-रखाव की जिम्मेदारी अंकिता कुमारी को सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने संस्था को समाज सेवा के क्षेत्र में एक सशक्त, विश्वसनीय और संवेदनशील पहचान दिलाने का संकल्प लिया। सभी ने अपने सुझाव साझा करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि संस्था की विभिन्न परियोजनाओं और विस्तृत कार्ययोजना का प्रारूप तैयार कर शीघ्र ही अगली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी सामाजिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।





टिप्पणियां