राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इसी महीने लिखा था पत्र, रेलवे बोर्ड ने 25 दिन में दे दी स्वीकृति
- Jay Kumar

- 2 दिन पहले
- 3 मिनट पठन
मनोहरपुर में टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी, यात्रियों को बड़ी राहत

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी मिलने से मनोहरपुर सहित चक्रधरपुर रेल मंडल के यात्रियों में खुशी की लहर है। इस अति महत्वपूर्ण ठहराव को मंजूरी मिलने पर झारखंड से राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

मालूम हो कि विगत 2 अगस्त को सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस ट्रेन के मनोहरपुर में ठहराव की मांग की थी। हालांकि, इससे पहले भी इस जनसमस्या को लेकर वे लगातार रेल मंत्री के संपर्क में बने हुए थे और कई बार व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की मांग को उनके समक्ष उठाया था। रेल मंत्री की ओर से भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

2 अगस्त को सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद करीब 25 दिनों के भीतर रेल मंत्रालय ने मनोहरपुर की जनता सहित चक्रधरपुर रेल मंडल के यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर में ठहराव की घोषणा कर दी। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रयोगात्मक आधार पर ठहराव को मंजूरी प्रदान की है। रेलवे बोर्ड ने सुविधाजनक तिथि से जल्द ठहराव शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

मालूम हो कि मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रही थी। डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी।
अपने पत्र में उन्होंने मनोहरपुर स्टेशन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा था कि यह स्टेशन राउरकेला, रांची तथा झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा हुआ है। मनोहरपुर के अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा, बड़बिल समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके बाद 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों को ट्रेन के ठहराव की ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांचने का निर्देश दिया था। लगातार प्रयासों और विभागीय प्रक्रिया के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी।

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि यह मनोहरपुर और आसपास के हजारों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने देश की संसद के पटल पर पहली बार सिंहभूम के गरीब आदिवासियों की बड़ी समस्याओं को इंगित करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा को झारखंड की राजधानी रांची से जोड़ने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने बड़बिल–चाईबासा होते हुए रांची तक फास्ट मेमू ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई थी, जिसको लेकर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। बहुत जल्द इस ट्रेन के भी शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि झारखंड के जन मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाकर जनता की समस्याओं का समाधान कराना ही उनका लक्ष्य है। रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का मनोहरपुर और पश्चिमी सिंहभूम के लोगों ने स्वागत किया है। क्षेत्रवासियों ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया है।





टिप्पणियां