रायगड़ा के 840 गांव मोबाइल नेटवर्क से वंचित
- Rahul
- 13 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
जिले के 2,612 गांवों में करीब 34 फीसदी आबादी इंटरनेट सुविधा से दूर

रायगड़ा: डिजिटल दौर में जहां सरकारी योजनाओं से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरी दस्तावेजों के लिए इंटरनेट पर निर्भरता बढ़ गई है, वहीं ओड़िशा के रायगड़ा जिले के करीब 840 गांव अब भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा से वंचित हैं। जिले में कुल 2,612 गांव हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार करीब 12 लाख की आबादी वाले जिले में लगभग 34 प्रतिशत लोग इंटरनेट सेवा से वंचित हैं।
इंटरनेट की कमी के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता और अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर सरकार डिजिटल माध्यम से योजनाओं और सेवाओं का लाभ देने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर नेटवर्क के अभाव में दूरदराज के ग्रामीण इन सुविधाओं से वंचित हैं।
नीति आयोग ने मुनिगुड़ा और पद्मपुर को घोषित किया है आकांक्षी ब्लॉक
रायगड़ा के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में समस्या अधिक गंभीर है। नीति आयोग ने जिले के मुनिगुड़ा और पद्मपुर ब्लॉक को आकांक्षी ब्लॉक घोषित किया है, लेकिन इन क्षेत्रों में भी इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है। वहीं खनिज संपदा वाले काशीपुर ब्लॉक में नेटवर्क विहीन गांवों की संख्या अधिक बताई गई है।
जून में हुई दिशा बैठक की जानकारी के अनुसार जिले में बीएसएनएल के 60 टू-जी, 54 थ्री-जी, 66 फोर-जी और 18 एलटीई फोर-जी बीटीएस कार्यरत हैं। जिले के सभी 11 ब्लॉकों में बीएसएनएल की 4जी सेवा उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन बड़ी आबादी तक इसका लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।
केंद्र सरकार के डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) से जिले में 790 मोबाइल टावर लगाने की मंजूरी मिली है। हालांकि इनमें से कितने टावर चालू हो चुके हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण जिले के 16 स्थानों पर प्रस्तावित मोबाइल टावरों के संचालन में भी परेशानी की जानकारी प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी ने केंद्र सरकार को दी है।
अतिरिक्त जिलाधिकारी (राजस्व) निहार रंजन कहंर ने बताया कि जिले में मोबाइल नेटवर्क विस्तार के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय के लोगों तक इंटरनेट सुविधा पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।





टिप्पणियां