बारात से लौट रही पिकअप पलटी, 22 वर्षीय युवक की मौत, पिता समेत सात घायल
मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई के खजूर पुल के पास हादसा, एक घंटे तक वाहन के नीचे दबा रहा युवक, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मनोहरपुर: शादी समारोह में शामिल होकर हंसी-खुशी घर लौट रहे लोगों की खुशियां गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई स्थित खजूर पुल के समीप तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि मृतक के पिता समेत सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप के नीचे दबे युवक को ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ओडिशा के लाठीकाटा थाना क्षेत्र के सरगीगड़ा निवासी संकीत कुजूर (22) के रूप में हुई है। घायलों में उसके पिता रोबिन कुजूर (40) भी शामिल हैं।
शादी समारोह से लौट रहे थे 16 लोग
जानकारी के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद करीब 16 लोग पिकअप वैन से ओडिशा स्थित अपने घर लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे मेदासाई के खजूर पुल के पास विजय पूर्ति के घर के समीप एक संकीर्ण मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप सड़क पर पलट गई। वाहन पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। संकीत कुजूर वाहन के नीचे दब गया, जबकि अन्य लोग भी चोटिल हो गए।

एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया युवक
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। पिकअप के नीचे युवक के दबे होने के कारण उसे निकालने में काफी कठिनाई हुई। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास कर करीब एक घंटे बाद संकीत को बाहर निकाला और मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता समेत सात लोग घायल, एक रेफर
हादसे में रोबिन कुजूर, एलिक्स लकड़ा (24), पौलुष धान (33), समित कुजूर (24), प्रताप मिंज (21), पत्रस बरवा (21) और पूर्णो मिंज (19) घायल हुए हैं। सभी को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य छह घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस कर रही दुर्घटना की जांच
सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संकीर्ण मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप पलट गई। इधर, संकीत की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार में शादी की खुशियां थीं, वहां एक युवक की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।





टिप्पणियां