top of page

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की बैठक में डीसी-एसपी ने दिए निर्देश, पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था अनिवार्य

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
11 मिनट पहले
2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारु करने और पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार शाम नगर परिषद कार्यालय के सभागार में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह विधायक सुखराम उरांव ने की। इसमें उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।


विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन और पूजा समितियों को मिलकर काम करना होगा। वर्ष 2024 में उत्पन्न समस्याओं से सीख लेते हुए इस बार बेहतर व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने टोकलो रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की जरुरत बताई। शीतला मंदिर में भव्य पंडाल और गोल्डन जुबली आयोजन के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में जाम से निपटने और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरुरी है।



पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश


उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा चक्रधरपुर की ऐतिहासिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने पूजा समितियों से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, बैकअप, अग्निशमन उपकरण, पेयजल तथा महिला पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते रखने तथा विसर्जन मार्गों पर बिजली के तारों की जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा नहीं करने की अपील भी की।


विसर्जन मार्गों का होगा सत्यापन


एसपी अमित रेणु ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। विसर्जन मार्गों का पहले से सत्यापन कर लटकते बिजली तारों और अन्य बाधाओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने समितियों को सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रखने तथा किसी भी समस्या पर पुलिस को तत्काल सूचना देने को कहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बाइक से गश्ती भी करेगी।



अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी ने बलिया घाट की समस्या दूर करने के लिए विधायक और उपायुक्त के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बलिया घाट पर तीन पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन होता है। इसलिए विसर्जन मार्ग का निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करना जरूरी है।


एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी ने बताया कि चक्रधरपुर में 23 लाइसेंसी और तीन गैर-लाइसेंसी पूजा समितियां हैं। इनमें दो स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन नहीं होता है। पूजा समितियों की अधिकांश समस्याओं का समाधान बैठक के माध्यम से किया गया है। रेलवे क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने पंडालों में सीसीटीवी, पानी और बालू की व्यवस्था रखने तथा अश्लील गाने नहीं बजाने के निर्देश दिए।



बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी, बीडीओ कंचन मुखर्जी, सीओ सुरेश कुमार सिन्हा, कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, डॉ. शिवपूजन सिंह, सचिव संजय पासवान, शेष नारायण लाल, राम प्रताप बर्मन सहित विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

टिप्पणियां


bottom of page