चक्रधरपुर में फिर निशाने पर रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स, लाखों के मोबाइल चोरी से व्यापारियों में दहशत

चक्रधरपुर: शहर के मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गई। रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया और करीब 40 से 50 मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। एक ही दुकान में कुछ महीनों के अंतराल में दूसरी बड़ी चोरी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक आशीष पड़िया ने देखा कि दुकान का शटर टेढ़ा था। संदेह होने पर उन्होंने दुकान खोलने से पहले पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में जब दुकान खोली गई तो अंदर मोबाइल फोन के खाली डिब्बे और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। दराज और रैक में रखे कई कीमती मोबाइल फोन गायब थे। इसके बाद चोरी की बड़ी वारदात सामने आई।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम और फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
तीन महीने में दूसरी बड़ी चोरी
रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में इससे पहले भी बड़ी चोरी हो चुकी है। इसी साल 23 जुलाई को चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के आईफोन, अन्य महंगे मोबाइल, लैपटॉप और सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर तक चोरी कर लिया था। उस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन दुकानदार के अनुसार चोरी गया अधिकांश सामान मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हुआ है।
पिछली घटना को लेकर व्यापारियों में काफी आक्रोश था और व्यापारी संगठनों ने विरोध जताते हुए चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की थी। अब उसी दुकान में दोबारा चोरी होने से कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है।

पुलिस गश्त के बीच वारदात, सुरक्षा पर सवाल
चोरी की यह घटना ऐसे समय हुई है जब रात में पुलिस वाहनों के जरिए शहर में नियमित गश्त का दावा किया जाता है। इसके बावजूद मुख्य सड़क किनारे स्थित दुकान में चोरों द्वारा वारदात को अंजाम देना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कारोबारियों का कहना है कि पूजा और त्योहार के मौसम में दुकानदार बड़ी मात्रा में सामान मंगाकर रखते हैं। ऐसे में लगातार चोरी की घटनाएं व्यापारियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं।
मीडियाकर्मियों से कथित बदसलूकी का भी आरोप घटना की कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ एसडीपीओ के कथित दुर्व्यवहार का आरोप भी सामने आया है। स्थानीय पत्रकारों के अनुसार, घटनास्थल पर कवरेज के दौरान मीडियाकर्मियों से अशोभनीय व्यवहार कर कवरेज से हटाया गया। इस व्यवहार को लेकर स्थानीय मीडिया जगत में नाराजगी देखी गई।

एक ही दुकान को बार-बार निशाना बनाए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर अपराधियों को इस दुकान की इतनी सटीक जानकारी कैसे मिल रही है? क्या पिछली चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था में पर्याप्त बदलाव नहीं किया गया? और मुख्य सड़क पर पुलिस गश्त के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गए? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी गए मोबाइल व अन्य सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चक्रधरपुर के व्यापारियों में दहशत और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
चेम्बर ऑफ़ कोमर्स अध्यक्ष ने घटना स्थल का जायजा लिया
पश्चिम सिंहभूम के चेम्बर ऑफ़ कोमर्स के अध्यक्ष संजय चौबे ने घटना स्थल का जायजा लिया और कहा कि एक ही दूकान में ढाई महीने के अंतराल में चोरी होने से व्यवसायी खौफ के साथ चिन्ति हैं। पूजा त्यौहार के माहौल में ऐसी घटना होना व्यवसायियों को असुरक्षा के माहौल में डाल रहा है।

उन्होंने कहा की ढाई महीने पहले इसी दूकान से 60 लाख के सामान चोरी हुए जिसमें से पुलिस ने अब तक 60 रुपये का भी माल बरामद नहीं कर पाई। व्यवसायी अब सड़क पर उतरेंगे और कठोर कदम उठाने के लिए विवश होंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर उनके द्वारा फेडरेशन ऑफ़ झारखण्ड चैम्बर ऑफ़ कोमर्स को सूचित किया गया है। आने वाले समय में डीजीपी या सीएम से मुलाक़ात कर व्यवसायियों को सुरक्षा देने की मांग की जाएगी।
चक्रधरपुर एसडीपीओ सैयद मुस्तफा हाश्मी ने कहा है कि घटना की तफ्तीश की जा रही है।
तकनीकी और फोरेंसिक साइंस के तहत भी सबूत जुटाकर मामले का उद्भेदन का प्रयास जारी है। जल्द ही इस घटना में शामिल लोग पुलिस की गिरफ्त में होंगे।





टिप्पणियां