चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सामने हनुमान मंदिर में चोरी, घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। बीती रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दान पेटी खोलकर उसमे मौजूद दान की राशी को चोरी कर फरार हो गए। सुबह मंदिर का गेट खोलने पहुंचे युवक ने जब टूटा हुआ ताला और खुला दरवाजा देखा, तो घटना का खुलासा हुआ।
इसके बाद चोरी की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई। देखते ही देखते मंदिर के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

हनुमान मंदिर के मुख्य संचालक अतारु यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित इस मंदिर में चोरी की यह पहली घटना है। इससे पहले स्टेशन के सामने इस तरह की चोरी की वारदात की बात सामने नहीं आई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन के सामने दुकानों के हटने के बाद रात के समय पूरा इलाका काफी सुनसान हो जाता है। आवाजाही और लोगों की मौजूदगी कम होने का फायदा अब चोर-उचक्के उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि रात के समय स्टेशन के सामने सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

रेलवे स्टेशन के सामने हनुमान मंदिर में चोरी की इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने पुलिस और रेलवे प्रशासन से रात के समय स्टेशन परिसर तथा सामने के इलाके में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित गश्त कराने और मंदिर में चोरी करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

बता दें कि इस हनुमान मंदिर में लोगों की गहरी आस्था है. मंदिर के जिस दानपेटी में चोरी हुई है वह साल में एक बार रामनवमी से पहले खुलता था. दानपेटी से निकले राशि को निकालकर रामनवमी का त्यौहार मनाया जाता था. फिलहाल इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सभी की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।





टिप्पणियां