चाईबासा में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग संपन्न, U-15 में लुमजुड़ी और U-18 में ब्लैक ईगल बनी विजेता

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम की बेटियों ने रग्बी के मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन मैदान में पश्चिमी सिंहभूम रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग 2026 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-18 बालिका वर्ग की टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव अजय नायक और डॉ. मनोरंजन प्रसाद मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
वहीं पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह में चाईबासा के मेयर नितिन प्रकाश और समाजसेवी शीतल नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के परिणाम
U-15 बालिका वर्ग:
प्रथम — बी.एस.बी. लुमजुड़ी
द्वितीय — चिल्ड्रेन पार्क स्कूल
तृतीय — सेंट टेरेसा हाई स्कूल, झींकपानी
U-18 बालिका वर्ग:
प्रथम — ब्लैक ईगल आरएफसी
द्वितीय — वेस्ट सिंहभूम रग्बी
तृतीय — सिंहभूम क्वीन
पश्चिमी सिंहभूम रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव नरेश हेस्सा ने प्रतियोगिता की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि लीग का उद्देश्य स्थानीय बालिकाओं में रग्बी के प्रति रुचि पैदा करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, विद्यालयों, कोचों, खिलाड़ियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।





टिप्पणियां