top of page

चक्रधरपुर में 35 लाख की सड़क-नाली योजनाओं का शिलान्यास

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
11 मिनट पहले
2 मिनट पठन

चार वार्डों में होगा निर्माण कार्य, जल निकासी और आवागमन की समस्या दूर करने पर जोर



चक्रधरपुर: नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय साव ने वार्ड संख्या 2, 3, 9 और 19 में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से होने वाली सड़क एवं नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया। संबंधित वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।


इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन इलाकों में, जहां कच्ची या जर्जर सड़कों और नालियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहां इन निर्माण कार्यों से स्थिति में सुधार होने की संभावना है।


योजना के तहत वार्ड संख्या 3 में एन. श्रीनिवासन राव के घर से केनाल रोड तक 600 फीट लंबी पक्की नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 12 लाख 39 हजार 450 रुपये खर्च होंगे। वार्ड संख्या 9 में आरसीसी नाली निर्माण, स्लैब लगाने और पीसीसी सड़क की ओवरलेपिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 15 लाख 58 हजार 269 रुपये की राशि निर्धारित की गई है।


वहीं, वार्ड संख्या 2 में मुखिया के घर से सूर्या नर्सिंग होम कॉलेज तक पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। इस योजना पर 2 लाख 78 हजार 150 रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड संख्या 19 में भी तीन पीसीसी सड़कों का निर्माण होगा। इनमें मोहम्मद सईद के घर से सम्मीउल्लाह के घर तक, हैदर इमाम के घर से नौशाद के घर तक तथा धातकीडीह मेन रोड से बसी मास्टर के घर होते हुए नजरुल इस्लाम के घर तक सड़क निर्माण शामिल है।



इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसी सुविधाएं सीधे तौर पर आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए स्थानीय जरूरतों और लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।


उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या है, वहां नाली निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, जर्जर और कच्ची सड़कों की जगह पक्की सड़कें बनाई जा रही हैं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि संवेदक निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करें, जिससे योजनाओं का लाभ लंबे समय तक आम जनता को मिल सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।


शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद लीला प्रसाद, सखावत हुसैन, प्रीति होरो, जहां आरा और बिनय बर्मन के अलावा पूर्व पार्षद नीकू सिंह, सोमनाथ रजक, पीरुल हक, कुमार विवेक, विनोद कुमार और गौरी शंकर महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

टिप्पणियां


bottom of page