टाटानगर से जयपुर तक रेल सेवा का विस्तार, सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस शुरू
टाटानगर में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय और पूर्णिमा साहू रहे मौजूद, राजस्थान जाने वाले यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प

जमशेदपुर: टाटानगर से जयपुर के लिए रेल संपर्क को नया विस्तार मिला है। सांतरागाछी-टाटानगर-खातीपुरा एक्सप्रेस की नई रेल सेवा का मंगलवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
शुभारंभ समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू उपस्थित रहे। वहीं, चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया सहित दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सांतरागाछी स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस नई रेल सेवा के शुरू होने से पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। टाटानगर स्टेशन पर ठहराव होने से जमशेदपुर के यात्रियों को जयपुर क्षेत्र तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। ट्रेन का गंतव्य खातीपुरा स्टेशन है, जो जयपुर शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित है।
कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, आगरा फोर्ट और बांदीकुई सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।

रेल सेवा के विस्तार से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अतिरिक्त विकल्प मिलने के साथ पर्यटन, व्यापार और विभिन्न राज्यों के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, नई सेवा यात्रियों की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने और क्षेत्रीय रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





टिप्पणियां