चक्रधरपुर में WhatsApp ग्रुप के जरिए APK फाइल भेजने का मामला, कई लोगों के बैंक खाते से पैसे निकलने की शिकायत

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर में व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई एक APK फाइल ने लोगों में दहशत फैला दी है। बताया जा रहा है कि इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करने के बाद कुछ लोगों के मोबाइल फोन से निजी डेटा के साथ-साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी भी खतरे में पड़ गई। वहीं, कुछ लोगों के बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर होने की बात भी सामने आ रही है।

जानकारी के मुताबिक, चक्रधरपुर की आरई कॉलोनी नामक एक व्हाट्सऐप ग्रुप में कथित तौर पर किसी सदस्य के व्हाट्सऐप नंबर को हैक कर एक APK फाइल भेजी गई। ग्रुप में मौजूद कुछ लोगों ने इसे सामान्य फाइल समझकर डाउनलोड कर लिया। इसके बाद फाइल को इंस्टॉल करने वाले कुछ मोबाइल फोन में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि APK फाइल इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी, बैंकिंग से जुड़ी सूचनाओं और अन्य डेटा तक साइबर ठगों की पहुंच बनने की आशंका है। इसी दौरान कुछ लोगों के बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर होने की शिकायत भी सामने आई है। हालांकि, पूरे मामले में कितने लोगों को नुकसान हुआ और कुल कितनी राशि की निकासी हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इस घटना के बाद मोबाइल और डिजिटल डेटा की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। साइबर सुरक्षा से जुड़े जानकार लगातार सलाह देते हैं कि अनजान नंबर, व्हाट्सऐप ग्रुप या किसी व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल को बिना सत्यापन के डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए।

यदि किसी व्यक्ति ने ऐसी फाइल इंस्टॉल कर ली है और उसके बैंक खाते से संदिग्ध लेनदेन हुआ है, तो उसे तत्काल बैंक से संपर्क कर खाते को सुरक्षित कराने के साथ साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की जरूरत है।





टिप्पणियां