top of page

सोनारी मुठभेड़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शूटरों के पैर में लगी गोली

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
17 घंटे पहले
2 मिनट पठन

बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के आरोपियों ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल



जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो कथित शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल भी बरामद किए हैं।


पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को सोनारी के बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े तीन अपराधियों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में चार लोग गोली लगने से घायल हुए थे। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में तीन अपराधियों के बाइक से पहुंचने और दो आरोपियों के रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर फायरिंग करने की तस्वीरें सामने आई थीं।



घटना के बाद पुलिस ने मामले में साजिश से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीन कथित शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने तीनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।


इसी अभियान के दौरान पुलिस ने देर शाम दो मुख्य आरोपियों मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि गोलीकांड में इस्तेमाल हथियार मरीन ड्राइव के जंगल में एक पेड़ के पीछे छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए जंगल में लेकर पहुंची।



पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपियों ने मौका देखकर एक पुलिस जवान की कमर से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के पैर में गोली मार दी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।


घटना के बाद मरीन ड्राइव के जंगल को घेरकर सील कर दिया गया। मौके पर एसएसपी, सिटी एसपी, डीएसपी, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए हैं। पूरे मामले की जांच और हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हथियार बरामदगी के दौरान उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों घायल आरोपियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टिप्पणियां


bottom of page