पुरी में फिर हत्या, तीन दिन में दो वारदात से कानून-व्यवस्था पर सवाल
श्री क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, जगन्नाथ वल्लभ मठ परिसर में पत्थर से कुचलकर व्यक्ति की निर्मम हत्या

पुरी: पुरी में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जगन्नाथ वल्लभ मठ परिसर में स्थित शहरांचल फांडी के पास एक व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
तीन दिन में दो हत्याएं, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
पुरी में महज तीन दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी घटना है। पिछले सोमवार को कुंभारपड़ा इलाके में एक बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या कर शव को प्लास्टर से छिपाने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया था। उस घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि जगन्नाथ वल्लभ पार्किंग परिसर में एक व्यक्ति की हत्या ने शहर को फिर दहला दिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने श्रीक्षेत्र पुरी की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिनों में दो हत्याओं के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान के साथ हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।





टिप्पणियां