top of page

चाईबासा पुलिस की बड़ी सफलता, लूट और छिनतई की तीन वारदातों का खुलासा; हथियार के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
11 मिनट पहले
2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लूट और छिनतई की तीन अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की विशेष छापेमारी टीम ने कार्रवाई करते हुए गोपाल कोड़ा (29) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़, बिना नंबर की पल्सर NS 160 मोटरसाइकिल, लूटे गए 6 हजार रुपये में से 3,600 रुपये और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।


पुलिस के मुताबिक, पहली घटना जेटेया थाना क्षेत्र के कोटगढ़ चौक के पास हुई थी। 5 अक्टूबर की शाम विभीषण तिरिया मोटरसाइकिल रोककर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनसे रुपये व मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके कान के पास चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। इस मामले में जेटेया थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया था।


दूसरी घटना नोवामुंडी थाना क्षेत्र के पचासाई स्थित मुर्गी फार्म की है। यहां दो लोग कथित तौर पर चोरी की नीयत से फार्म में घुसे। गार्ड के अनुसार, उनमें से एक ने हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने रुपये की तलाश में दराज खंगाली और कुछ नहीं मिलने पर उसे तोड़ दिया।


तीसरी वारदात तांतनगर ओपी क्षेत्र में हुई। पश्चिम बंगाल के रहने वाले फेरी विक्रेता इमामुद्दीन अंसारी 6 अक्टूबर को कोकचो में फेरी कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे सुनसान पुलिया के पास काले रंग की पल्सर पर सवार तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को धक्का दिया। इसके बाद दो आरोपियों ने कथित तौर पर गले पर कटारी लगाकर उनसे 6 हजार रुपये और खाने-पीने का सामान लूट लिया।


एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम


तीनों घटनाओं के उद्भेदन के लिए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पाताहातु निवासी गोपाल कोड़ा को गिरफ्तार किया। छापेमारी अभियान में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल भी शामिल रहे।


नौ पुराने आपराधिक मामले दर्ज


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया, खरसावां, चाईबासा मुफस्सिल, कुचाई और सोनुआ थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, डकैती, लूट, चोरी और अन्य धाराओं से जुड़े नौ मामले पहले से दर्ज हैं।


पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में लूट और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

टिप्पणियां


bottom of page