नौकरी के साथ पढ़ाई और मेहनत का जुनून… चाईबासा के आयुष्मान ने UGC NET-JRF में रचा इतिहास, देशभर में चौथी रैंक
- Rahul
- 15 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: लगन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता किसी भी परिस्थिति में हासिल की जा सकती है। चाईबासा के आयुष्मान ने इसे साबित कर दिखाया है। स्थायी लोक अदालत चाईबासा के अध्यक्ष बृजेश पांडे के पुत्र आयुष्मान ने UGC NET-JRF 2026 में कंप्यूटर साइंस विषय से ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
28 अगस्त की देर रात जारी परीक्षा परिणाम में आयुष्मान ने 248 अंक प्राप्त किए। जबकि जेआरएफ के लिए निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क्स 214 और पीएचडी के लिए 180 अंक थे। आयुष्मान ने निर्धारित अंक से काफी बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष चार अभ्यर्थियों में अपनी जगह बनाई।
आयुष्मान ने वर्ष 2025 में NIT जमशेदपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। बीटेक में उनका सीजीपीए 85.68 रहा। वर्तमान में वे हैदराबाद की निजी कंपनी अपटूम में एआई मशीन टूल्स एसोसिएट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
खास बात यह है कि नौकरी की व्यस्तता के बावजूद आयुष्मान ने पढ़ाई का सिलसिला नहीं छोड़ा। काम के बाद मिलने वाले सीमित समय का इस्तेमाल उन्होंने परीक्षा की तैयारी में किया और इसी मेहनत का परिणाम अब देशभर में चौथी रैंक के रूप में सामने आया है।
पिता बृजेश पांडे के अनुसार, आयुष्मान बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अपने लक्ष्य को लेकर बेहद फोकस्ड रहा है। वर्तमान में भी वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखे हुए है। साथ ही अपने खाली समय में दूसरे विद्यार्थियों को भी पढ़ाई और करियर को लेकर मार्गदर्शन देता है।
आयुष्मान की इस शानदार उपलब्धि से चाईबासा में खुशी की लहर है। परिजनों, शुभचिंतकों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





टिप्पणियां