दो दिन बाद डैम से निकली 12 साल के गणेश की लाश, नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया था छात्र
- Rahul
- 8 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: रो-रो नदी डैम में नहाने गए 12 वर्षीय छात्र गणेश सोय की जिंदगी गहरे पानी में समा गई। दो दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
मामला चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र का है। मृतक गणेश सोय मूल रूप से जगन्नाथपुर प्रखंड के सोसोपी गांव का रहने वाला था। वह चाईबासा के सुफलसाई में रहकर संत जेवियर स्कूल में कक्षा पांचवीं की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को गणेश अपने दोस्तों के साथ रो-रो नदी डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन गणेश का कोई सुराग नहीं मिला।
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डैम में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। आशंका थी कि छात्र का शव पानी के भीतर किसी चट्टान में फंसा हो सकता है। यही वजह रही कि तलाश के बावजूद पहले दिन शव नहीं मिल सका।
दो दिन तक उम्मीद और तलाश का सिलसिला चलता रहा। आखिरकार शनिवार को गणेश का शव डैम से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है।
गणेश की मौत की खबर मिलते ही सोसोपी गांव और सुफलसाई में मातम पसर गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने रो-रो नदी डैम जैसे जलाशयों के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।





टिप्पणियां