चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर डीजल टैंकर पलटा, ग्रामीणों में मची डीजल लूटने की होड़
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातू गांव के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त टैंकर से डीजल का रिसाव होने लगा। इसी दौरान आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और डीजल लूटने की होड़ मच गई।

जानकारी के अनुसार, टैंकर चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर से होते हुए चलियामा स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। टैंकर में बड़ी मात्रा में डीजल भरा हुआ था। बाईहातू गांव के समीप अचानक टैंकर पलट गया और चालक स्टेयरिंग के बीच फंस गया। हालांकि, चालक ने किसी तरह खुद को बाहर निकाला। हादसे में उसे हल्की चोटें आई हैं।

टैंकर पलटने और उससे डीजल का रिसाव शुरू होने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग अपने घरों से बाल्टी, डिब्बे, बोतल और अन्य बर्तन लेकर आए और टैंकर से रिस रहे डीजल को भर भर कर ले जाने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर डीजल लेने वालों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद चाईबासा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद पेट्रोल पंप संगठन के कोऑर्डिनेटर पुनीत सेठिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे बचाव कार्य में सहयोग के लिए मौके पर पहुंचे हैं। टैंकर किन परिस्थितियों में पलटा, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

इस घटना ने सड़क दुर्घटनाओं के बाद सामने आने वाली एक गंभीर बदलती सामाजिक प्रवृत्ति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना के समय आम लोगों से उम्मीद होती है कि वे घायल व्यक्ति की मदद करें और राहत-बचाव में सहयोग दें, लेकिन यहां बड़ी संख्या में लोग मदद करने के बजाय टैंकर से डीजल ले जाते नजर आए। हादसे के बाद पीड़ित की मदद के बजाय सामान या ईंधन लूटने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टैंकर पलटने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





टिप्पणियां