top of page

ज्वाई के धारदार हथियार के हमले में ससुर की मौत, आरोपी हिरासत में

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 20 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

गोविंदपुर: ओड़िशा के बामरा शहर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत पिंडापथर पंचायत के लालपड़ा गांव में मंगलवार देर रात ज्वाई द्वारा धारदार हथियार से किए गए हमले में ससुर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कालो कच्छप (58) के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, आरोपी एंथोनी किसान (35) और उसकी पत्नी अमिता किसान के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद अमिता अपने मायके पिंडापथर चली गई। कुछ समय बाद उसके पिता कालो कच्छप अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे थे।


आरोप है कि देर रात एंथोनी ने घास काटने वाले धारदार हथियार से अपने ससुर पर हमला कर दिया। हमले में कालो कच्छप के सिर पर गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


बुधवार सुबह अमिता जब वापस अपने पति के घर पहुंची तो बरामदे में अपने पिता को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी पद्मालया साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की।


पुलिस ने आरोपी एंथोनी किसान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में गोविंदपुर थाना में केस नंबर 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियार को लेकर आगे की जांच कर रही है।

टिप्पणियां


bottom of page