राखी पूर्णिमा से पहले जयपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच
- Rahul
- 2 दिन पहले
- 1 मिनट पठन
होटल-मिठाई दुकानों से पनीर, खोआ और छेना के नमूने लिए गए, 10
हजार तक जुर्माना

जयपुर: ओड़िशा के जयपुर मे राखी पूर्णिमा से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जयपुर शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग और जयपुर नगरपालिका की संयुक्त टीम ने विभिन्न होटल, मिठाई एवं बेकरी दुकानों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच की शुरुआत शहर की मुख्य सड़क स्थित ओमफेड स्टॉल से की गई, जहां ओमफेड पनीर की जांच की गई। इसके बाद शहर के विभिन्न होटल और मिठाई दुकानों में अलग-अलग निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों की रसोई में बेहद अस्वच्छ और गंदा वातावरण पाया गया।
वहीं कुछ दुकानों के खाद्य लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं होने की बात भी सामने आई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग और नगरपालिका की ओर से संबंधित दुकानदारों से 1,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले खोआ, छेना, पनीर और विभिन्न मिठाइयों के नमूने भी संग्रहित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकजिनी देहुरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पनीर में किसी प्रकार के केमिकल की मिलावट नहीं पाई गई है। हालांकि, प्रयोगशाला की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अलावा जयपुर नगरपालिका की कार्यकारी अधिकारी पूजा राउत के निर्देश पर भुवनी हाल्बा, सत्यनारायण पात्र और जगदीश राव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





टिप्पणियां