top of page

सिर्फ 8 मिनट में समंदर में समा गया ‘ओशन विनर’, 14 की जलसमाधि, 8 भंवर में डूबे

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 16 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

पारादीप: ओड़िशा के पारादीप से लौह अयस्क का चूर्ण लेकर जा रहा चीनी मालवाहक जहाज ‘ओशन विनर’ अंडमान के पास समुद्र में डूब गया। हादसे में लापता 22 चालक दल के सदस्यों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे से बचाए गए दो चीनी नाविकों ने घटना का खौफनाक मंजर बयां किया है।


उद्धार किए गए एक चीनी नाविक के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे वे जहाज के डेक पर ड्यूटी स्थल पर आराम कर रहे थे, जबकि अन्य कर्मचारी जहाज के अंदर थे। अचानक जोरदार आवाज के साथ इमरजेंसी सायरन बज उठा। तब तक जहाज करीब 30 से 40 प्रतिशत तक समुद्र में डूब चुका था।


नाविक ने बताया कि चारों ओर अंधेरा और काला पानी था। जान बचाने के लिए कुल 10 लोग समुद्र में कूदे। देखते ही देखते महज 8 से 10 मिनट के भीतर 14 लोग जहाज के साथ समुद्र में समा गए। दो लोग लाइफ राफ्ट में पहुंचने में सफल रहे, जबकि बाकी आठ लोग जहाज के डूबने से बने भंवर में फंसकर गहरे समुद्र में डूब गए।


परिजनों से फोन पर की बात


उद्धार किए गए दोनों चीनी नाविकों से नई दिल्ली से पहुंचे भाषा अनुवादक और कांसुलेट प्रतिनिधि ने पारादीप में दिनभर बातचीत कर घटना की जानकारी ली। दोनों ने बताया कि अपनी आंखों के सामने हुए इस भयावह हादसे को वे कभी नहीं भूल पाएंगे। जान बचने पर उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया और फोन पर अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत भी की।


सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों नाविकों के 29 अगस्त को कोलकाता जाने की सूचना है। वहां से वे तीन दिनों के भीतर अपने स्वदेश लौटेंगे।


22 लापता, तलाशी अभियान जारी


हादसे के बाद भारतीय तटरक्षक बल, चीन के दो जहाज और नौसेना के विमान समुद्र में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। हालांकि अब तक न तो ‘ओशन विनर’ का पता चल पाया है और न ही लापता 22 चालक दल के सदस्यों का कोई सुराग मिला है।


समुद्री विशेषज्ञों के मुताबिक किसी जहाज का महज 8 मिनट के भीतर पूरी तरह समुद्र में समा जाना बेहद दुर्लभ घटना है। ‘ओशन विनर’ हादसे को समुद्री इतिहास की असाधारण घटनाओं में माना जा रहा है। जहाज इतनी तेजी से कैसे और किन परिस्थितियों में डूबा, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।

टिप्पणियां


bottom of page