top of page

ओड़िशा ब्रेकिंग: समुद्र के बीच मिला ‘ओशन विनर’ का लाइफ बोट और इमरजेंसी बीकन, 22 क्रू अब भी लापता

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
26 अग॰
2 मिनट पठन

जहाज डूबने के चार दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग, भारतीय कोस्ट गार्ड और चीन की टीम संयुक्त रूप से चला रही सर्च ऑपरेशन



पारादीप: ओड़िशा के पारादीप से लौह अयस्क का चूर्ण लेकर जा रहे ‘ओशन विनर’ जहाज के समुद्र में लापता होने की घटना के चार दिन बाद भी जहाज और उसके 22 कर्मचारियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि, संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान समुद्र के बीच ‘ओशन विनर’ नाम लिखा एक लाइफ बोट और एक इमरजेंसी बीकन मिलने से राहत और उम्मीद की किरण जगी है।


जानकारी के अनुसार, अंडमान के समीप पारादीप से करीब 240 नॉटिकल मील दूर ‘ओशन विनर’ के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल के मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) और चीन के बीजिंग स्थित MRCC के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।


तलाशी अभियान के दौरान भारतीय कोस्ट गार्ड के जहाज ‘वरद’ ने समुद्र में एक इमरजेंसी बीकन बरामद किया। जांच में यह बीकन ‘ओशन विनर’ जहाज का होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा समुद्र में जहाज के नाम वाला एक लाइफ बोट भी मिला है, लेकिन उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।



भारतीय तटरक्षक बल के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय की ओर से तलाशी अभियान से जुड़ी तस्वीरें भी जारी की गई हैं। समुद्र में विभिन्न स्तरों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक मुख्य जहाज का पता नहीं चल पाया है।


24 सदस्यीय क्रू में 22 अब भी लापता


बताया गया है कि ‘ओशन विनर’ में कुल 24 कर्मचारी सवार थे। इनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। हादसे के दौरान दो चीनी नागरिकों को लाइफ राफ्ट की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि बाकी 22 कर्मचारियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।


लाइफ बोट और इमरजेंसी बीकन मिलने के बावजूद 22 कर्मचारियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलना मामले को और रहस्यमय बना रहा है। भारतीय तटरक्षक बल और चीन की टीम समुद्र में व्यापक स्तर पर संयुक्त तलाशी अभियान चला रही है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती लापता कर्मचारियों और जहाज का पता लगाना है।

टिप्पणियां


bottom of page