top of page

बारिश ने तोड़ी पुलिया, हजारों ग्रामीणों का रास्ता बंद! टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर आवागमन ठप

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 13 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। भारी बारिश के बाद पुलिया के दोनों ओर मिट्टी का कटाव होने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। इसके चलते रेंगड़ाहात और बांकी पंचायत के हजारों ग्रामीणों का चाईबासा जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है।


समस्या को लेकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तियु मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और उपायुक्त को आवेदन सौंपकर पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।


ग्रामीणों के अनुसार, यह पुलिया पिछले वर्ष बारिश के दौरान ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने श्रमदान कर किसी तरह रास्ते को आवागमन के लायक बनाया था। लेकिन 31 अगस्त की भारी बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी। पुलिया के दोनों तरफ बड़े पैमाने पर मिट्टी कटने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।



यह रास्ता दोनों पंचायतों के ग्रामीणों के लिए चाईबासा आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। रोजाना इसी रास्ते से स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राएं, मरीज तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं। मार्ग बंद होने से इलाज, पढ़ाई के साथ राशन और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।


चंद्रमोहन तियु ने कहा कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस के कारण सड़क निर्माण पहले से लंबित है, ऐसे में कम से कम क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कर वैकल्पिक रूप से आवागमन बहाल किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ विद्यार्थियों और मरीजों की परेशानी गंभीर रूप ले सकती है।


उन्होंने जिला प्रशासन से युद्धस्तर पर स्थल निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत शुरू कराने और टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने की मांग की है।

टिप्पणियां


bottom of page