बड़ाजामदा में नाबालिग से छेड़छाड़ पर पुलिस का एक्शन, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
- Rahul
- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन
आक्रोश के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सरायकेला से दबोचा गया आरोपी

बड़ाजामदा: पश्चिमी सिंहभूम के बड़ाजामदा में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
मामले को लेकर घटना के बाद बड़ाजामदा में स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों में आक्रोश था। आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध भी जताया जा रहा था। ऐसे माहौल में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना हुई थी। पीड़िता के परिजनों ने 30 अगस्त को महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी मो. सफीक उर्फ मो. राजा (27) को सरायकेला-खरसावां जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी एच रोड, मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर का रहने वाला है।
मामले में महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में कांड संख्या 04/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 79/126(2)/351(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।





टिप्पणियां