top of page

जिसकी झाड़फूंक करने गया था पुजारी, उसी ने गला रेतकर कर दी उसकी हत्या, मची सनसनी

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 2 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

गोइलकेरा: पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक के दौरान पूजा के बाद ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। जिस युवक को पुजारी झाड़फूंक से ठीक करने के लिए उसके घर गया था, उसी युवक ने तड़के धारदार चाकू से पुजारी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।


मृतक पुजारी की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर है। बताया जा रहा है कि पोंडे राम पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था। परिवार के लोग उसे ठीक कराने के लिए झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करा रहे थे। मंगलवार रात पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत कई ग्रामीण पोंडे राम के घर पहुंचे थे। पूजा खत्म होने के बाद ग्रामीण अपने घर लौट गए, लेकिन पुजारी और डाकुवा वहीं रुक गए। पोंडे राम भी उसी कमरे में सो गया।



सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक कमरे में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि गहरी नींद में सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया की गर्दन पर पोंडे राम ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। डाकुवा मुखी राम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकला।


घटना की सूचना मिलते ही मुंडा गोमा अंगरिया और गोइलकेरा पुलिस को जानकारी दी गई। सुबह गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

टिप्पणियां


bottom of page