top of page

सारंडा में दो दिनों में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत, मौत से पहले के समान लक्षणों से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग जांच की तैयारी में जुटी

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
19 घंटे पहले
2 मिनट पठन


मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा क्षेत्र की लाईलोर पंचायत के शांकोटोला गांव में दो दिनों के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से हड़कंप मच गया है। दोनों महिलाएं जेठानी-देवरानी थीं। परिजनों के अनुसार, मौत से पहले दोनों में लगभग समान लक्षण दिखाई दिए। अचानक तेज बदन दर्द, गले में दर्द और आवाज बंद होने की शिकायत के बाद दोनों की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।



जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे 40 वर्षीय पद्मा किंबो की तबीयत अचानक बिगड़ी। तेज बदन दर्द के बाद उनके गले में दर्द हुआ और आवाज बंद हो गई। हालत तेजी से बिगड़ने के बाद करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने उसी दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया।



इसके दो दिन बाद रविवार सुबह उनकी 34 वर्षीय देवरानी गीता किंबो की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। गीता को भी तेज बदन दर्द, गले में दर्द और आवाज बंद होने की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तत्काल मनोहरपुर सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए राउरकेला आरजीएच अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।



एक ही परिवार में समान लक्षणों के बाद दो मौतों से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की तत्काल चिकित्सकीय जांच की मांग की है।



इधर, घटना की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मनोहरपुर सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम के गांव पहुंचकर जांच करने की तैयारी है। टीम मृतकों के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ले सकती है।



फिलहाल मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि अज्ञात  बीमारी या संक्रमण के कारण दोनों महिलाओं की मौत हुई होगी। बहरहाल दो मौतों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्वास्थ्य विभाग की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही दोनों मौतों की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

टिप्पणियां


bottom of page