आनंदपुर में जंगली हाथियों का तांडव, घर ढहाकर चट कर गए अनाज
खेतों में लगी फसल रौंदी, कमल सिंह का परिवार बाल-बाल बचा, सात दिनों से हाथियों के आतंक से ग्रामीण दहशत में

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। शनिवार देर रात बिंजो ग्राम पंचायत के मेरालीकीर टोला में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने पहले खेतों में लगी तैयार फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया। इसके बाद आबादी क्षेत्र में घुसकर कमल सिंह के घर को निशाना बनाया और देखते ही देखते मकान को ध्वस्त कर दिया।
हाथियों ने घर में रखे अनाज और अन्य खाद्यान्न को भी चट कर दिया। इस दौरान घर में कमल सिंह सहित परिवार के तीन से चार सदस्य मौजूद थे। हाथियों की आहट मिलते ही परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर छिप गए। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले सात दिनों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक जारी है। शाम होते ही गांव में दहशत का माहौल बन जाता है। लोग रातभर जागकर अपने घर और फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने, गांव में निगरानी बढ़ाने और पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है।





टिप्पणियां