मारपीट की शिकायत के बाद भी न्याय की आस में लक्ष्मी नायक, कार्रवाई का इंतजार
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर विवाद, पंचायत सहायक पर अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर प्रखंड की चैनपुर पंचायत की पूर्व उपमुखिया लक्ष्मी नायक कथित मारपीट की घटना के बाद न्याय के लिए भटक रही हैं। उन्होंने पंचायत सहायक मुकेश कुंभकार पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
लक्ष्मी नायक के अनुसार, उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल है। करीब दो महीने पहले पंचायत सहायक उनके घर पहुंचकर आवास का जियो टैग भी कर चुके थे, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बीते 16 नवंबर को इसी संबंध में पूछताछ के दौरान रास्ते में पंचायत सहायक से उनकी मुलाकात हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान पंचायत सहायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विवाद बढ़ने पर उनके साथ मारपीट की। इस घटना में उनकी आंख के नीचे, नाक और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई।
घटना के बाद उन्होंने चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच कराई और थाने में शिकायत दर्ज कराई। लक्ष्मी नायक का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल है कि शिकायत और मेडिकल जांच के बाद भी लक्ष्मी नायक को न्याय कब मिलेगा?





टिप्पणियां