top of page

PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
2 घंटे पहले
1 मिनट पठन

देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल और संगठन के तीन पर्चे बरामद; एक आरोपी फरार, एसपी अमित रेणु ने कहा- जल्द होगी और गिरफ्तारी



चाईबासा। PLFI के नाम पर व्यवसायियों और सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से लेवी मांगने वाले दो आरोपियों को पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को खूंटी के तपकारा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित एक आवासीय विद्यालय तथा 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में वीकेएस सड़क निर्माण कार्य के दौरान PLFI के पर्चे फेंककर लेवी की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की।


21 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर जयपुर-केलो मार्ग पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24), दोनों निवासी केलो, थाना रनिया, जिला खूंटी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने लेवी मांगने की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।


पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने कहा कि PLFI के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी। पुलिस की छापेमारी जारी है। इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

टिप्पणियां


bottom of page