एक हादसे के बाद दूसरे हादसे ने ली 12वीं के छात्र की जान, हाईवा की चपेट में आने से जयपाल पूर्ति की दर्दनाक मौत
पोटका तालाब के समीप एनएच-75 पर देर रात करीब दो बजे हुआ हादसा, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा; गोइलकेरा के खजुरिया गांव में पसरा मातम

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 पर पोटका तालाब के समीप रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 12वीं के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत खजुरिया गांव निवासी जयपाल पूर्ति के रूप में हुई है। वह चाईबासा के लुपुंगुटू स्थित सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज में कॉमर्स संकाय से कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता का नाम रमेश चंद्र पूर्ति बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले इसी स्थान पर दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक सड़क पर ही खड़ा रह गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।

बताया जाता है कि जयपाल चक्रधरपुर के टीकचांपी स्थित कमरे से रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल लेकर निकला था। उसके भाई ने देर रात बाहर जाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना। रविवार देर रात करीब दो बजे पोटका तालाब के समीप पहुंचने पर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पार करने के लिए वह ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवे की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे रखा गया है।
इस घटना ने एनएच-75 पर रात्रिकालीन यातायात सुरक्षा की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले दो ट्रकों की टक्कर और फिर सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहन के कारण एक और जान चली गई। सवाल उठता है कि दुर्घटना के बाद सड़क पर खड़े वाहनों के आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

एक होनहार छात्र की असमय मौत से उसके परिवार और खजुरिया गांव में मातम पसरा है। जिस उम्र में जयपाल अपने भविष्य के सपने संजो रहा था, उसी उम्र में एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।





टिप्पणियां