top of page

चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा में मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, रिलीफ यार्ड में मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतरे, कई घंटे चला बहाली कार्य

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
14 मिनट पहले
2 मिनट पठन

रविवार 22 नवंबर की शाम हुआ हादसा, रात से लेकर 23 नवंबर की सुबह तक तीनों वैगनों को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया



चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में नहीं थम रहा है रेल हादसों का दौर, ताज़ा मामले में चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड में रविवार, 22 नवंबर की शाम एक मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए। घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे यार्ड की लाइन संख्या-07 पर हुई। हादसे के बाद रेलवे के संबंधित विभागों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा बहाली कार्य शुरू किया गया। यह रेल हादसा ऐसे समय हुआ जब अगले ही दिन दक्षिण पूर्व रेलवे के रेल जीएम अनिल कुमार जैन निरीक्षण दौरे पर हैं. जीएम के दौरे से पहले भी परिचालन व्यवस्था की सुरक्षा की कलई खुल गयी है।


रेलवे की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, मालगाड़ी संख्या N/MGMT एमसीएल ब्लॉक केबिन से झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड की ओर आ रही थी। इसी दौरान इंजन से 18वें, 19वें और 20वें नंबर के तीन वैगन पटरी से उतर गए। घटना झारसुगुड़ा यार्ड में हुई। हालांकि, दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।



रेलवे के अनुसार, हादसे का असर मुख्य रेल लाइन पर नहीं पड़ा और ट्रेनों का परिचालन सामान्य रहा। वहीं, पटरी से उतरे मालगाड़ी के तीनों वैगनों को अलग-अलग समय पर दोबारा पटरी पर चढ़ाने में सफलता मिली। सुबह भोर साढ़े चार बजे सभी बेपटरी वैगन को पटरी पर लाया जा सका।


घटनास्थल पर एडीआरएम, सीनियर डीएमई और सीनियर डीईएन ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल रेलवे के द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बहरहाल लगातार रेल हादसे से चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि रेल मंडल में एक रेल हादसे से सबक क्यों नहीं लिया जाता है और दूसरा रेल हादसा रोक पाने में रेल मंडल के अधिकारी नाकाम क्यों हो रहे हैं।

टिप्पणियां


bottom of page