top of page

सारंडा मेमू की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत, डेरोवां स्टेशन पर दर्दनाक हादसा

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
10 मिनट पहले
2 मिनट पठन

चाईबासा के कल्याणपुर निवासी उमेश गोप की गई जान, काम के सिलसिले में कर रहा था ट्रेन से सफर; शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया



चक्रधरपुर। हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। चक्रधरपुर रेल मंडल के डेरोवां स्टेशन के समीप सारंडा मेमू ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चाईबासा के कल्याणपुर निवासी उमेश गोप के रूप में हुई है। हादसे की खबर से परिजनों में मातम पसर गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे उमेश गोप चक्रधरपुर से राउरकेला की ओर जा रही सारंडा मेमू ट्रेन में सफर कर रहा था। इसी दौरान डेरोवां स्टेशन के पास वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। बताया जाता है कि ट्रेन से गिरने के बाद वह पहियों की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के पास मिले बैग और दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया।


इधर, उमेश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि उमेश काम के सिलसिले में ट्रेन से यात्रा कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


रेल पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से गिरा, इसका पता लगाया जा रहा है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।

टिप्पणियां


bottom of page