डांगवापोसी में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली, जल-जंगल-जमीन और संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश
- Rahul
- 4 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

डांगवापोसी: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को डांगवापोसी में बिरसा बॉयज क्लब एवं एसटी-एससी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रैली निकाली गई। पारंपरिक उत्साह और आदिवासी संस्कृति की झलक के साथ निकली इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
रैली के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। रैली के माध्यम से आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की पहचान, अधिकार, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के संकल्प का दिन है। भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समाज को एकजुट रहने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मी कृष्ण चंद्र बोबोंगा को सम्मानित किया गया। उन्हें समाज और अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
रैली में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं और आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।





टिप्पणियां