top of page

झारखंड बंद का चाईबासा-चक्रधरपुर में दिखा असर, छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 2 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

चाईबासा: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक के मामले तथा छात्रों के प्रदर्शन के दौरान रांची में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद का पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी असर देखने को मिला। जिले के प्रमुख शहरों चाईबासा और चक्रधरपुर समेत विभिन्न प्रखंडों में कई दुकानें बंद रहीं।



बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतरे। हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शन किया और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


चाईबासा और चक्रधरपुर में बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने बाजारों का भ्रमण कर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। इस दौरान कई दुकानें बंद नजर आईं, जबकि कुछ खुले प्रतिष्ठानों को भी कार्यकर्ताओं ने बंद रखने का आग्रह किया। हालांकि आवश्यक सेवाओं और कुछ प्रतिष्ठानों पर बंद का असर अपेक्षाकृत कम दिखाई दिया।



भाजपा नेताओं ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। भाजपा छात्रों के आंदोलन का समर्थन करती है और सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग करती है।



भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को जल्द से जल्द स्वीकार करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के खिलाफ दोबारा बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई, तो भाजपा इसका पुरजोर विरोध करेगी।


बंद के दौरान चाईबासा और चक्रधरपुर सहित जिले के कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण राजनीतिक माहौल गर्म रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रही।

टिप्पणियां


bottom of page