top of page

राउरकेला रेलवे स्टेशन के शेड गिरने पर विधायक दुर्गा तांती ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित कर दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 1 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन
shed collapse rourkela and mla durga tanty

राउरकेला: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत राउरकेला रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने निर्माणाधीन ऊंचा शेड बारिश के दौरान भरभराकर गिरने के मामले को लेकर रघुनाथपाली विधायक एवं जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष दुर्गा चरण तांती ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


रेलवे की ओर से यात्रियों और उनके परिजनों को धूप व बारिश से बचाने के लिए स्टेशन के सामने इस शेड का निर्माण कराया जा रहा था। सोमवार को हुई बारिश के दौरान अचानक शेड ढह गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि एक कार और ऑटोरिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए।


विधायक तांती ने पत्र में कहा है कि विभागीय इंजीनियरों की प्रत्यक्ष निगरानी में निर्माणाधीन शेड का अचानक गिर जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिस बारिश से यात्रियों को बचाने के लिए शेड बनाया जा रहा था, उसी बारिश में उसका ढह जाना बेहद गंभीर मामला है।


उन्होंने रेल मंत्री से घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने, दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

टिप्पणियां


bottom of page