चाईबासा में बैग छिनतई कांड का खुलासा, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र में हुई बैग छिनतई की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, छीना गया मोबाइल, बैग, पर्स, नकद रुपये समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 2 अगस्त को बड़ी बाजार हिन्द चौक कुम्हार टोली निवासी रितू टोप्पो ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। बैग में रेडमी नोट-8 मोबाइल फोन, नकद रुपये और अन्य जरूरी सामान रखा था। इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर 3 अगस्त को मामले में संलिप्त जितेन्द्र कच्छप उर्फ बच्चा उरांव और पुरुषोत्तम हांसदा उर्फ डाकुवा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नीले रंग की स्कूटी, रेडमी नोट-8 मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद, लेडीज बैग, पावर चश्मा तथा लाल रंग का पर्स बरामद कर जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो, उपेंद्र नारायण सिंह, केशव कुमार मेहता, श्रीकांत कुमार, अजीत होनहागा तथा धर्मेन्द्र कुमार सिंह शामिल थे।





टिप्पणियां