राज्यस्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में बंडामुंडा की कविता का जलवा, स्वर्ण समेत जीते दो पदक
- Rahul
- 14 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

बंडामुंडा: ओड़िशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय 72वीं राज्यस्तरीय कनिष्ठ एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में बंडामुंडा की उभरती एथलीट कविता महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण समेत दो पदक अपने नाम किए।
कविता ने अंडर-18 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिभाशाली एथलीटों के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए कविता ने बंडामुंडा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि कविता महतो इससे पहले भी विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

वर्तमान में वह राउरकेला स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स मैदान में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उन्हें कोच शिव मिश्रा प्रशिक्षण दे रहे हैं। कविता की इस उपलब्धि पर उनके कोच शिव मिश्रा, पिता वीरेन महतो, मां रुक्मिणी महतो सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। खेलप्रेमियों का कहना है कि कविता की यह सफलता बंडामुंडा के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।





टिप्पणियां