महादेवशाल–पोसैता रेलखंड के किनारे मिला 19 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी
गोईलकेरा के पराल गांव का रहने वाला था रमेश अंगरिया, रात में स्टेशन मास्टर ने RPF को दी थी सूचना

मनोहरपुर। महादेवशाल–पोसैता रेलखंड के बीच तीसरी रेलवे लाइन के किनारे गुरुवार रात 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोईलकेरा थाना क्षेत्र के पराल गांव निवासी 19 साल के रमेश अंगरिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 12:45 बजे महादेवशाल स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे स्टेशन मास्टर ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की सूचना RPF मनोहरपुर को दी। सूचना पर RPF के सहायक उपनिरीक्षक एसएन यादव और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार रात करीब 2:25 बजे घटनास्थल पहुंचे। जांच के दौरान युवक का शव किलोमीटर संख्या 356/11A-13A के पास मिला। उसका एक पैर रेलवे लाइन के अंदर था।
सुबह करीब 9 बजे गोईलकेरा पुलिस घटनास्थल पहुंची और पंचनामा तैयार कर मृतक की पहचान की। पुलिस के अनुसार, युवक के पास से कोई रेल यात्रा टिकट नहीं मिला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुबह 10:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेज दिया गया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। RPF के अनुसार, घटना से रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ और किसी ट्रेन को रोकना नहीं पड़ा।





टिप्पणियां