top of page

चक्रधरपुर रेल मंडल के 15 गजेटेड अधिकारियों समेत 2321 रेलकर्मियों के पास सरकारी राशन कार्ड, रेलवे की सूची से मचा हड़कंप

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
2 घंटे पहले
3 मिनट पठन

सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल, रेलवे बोर्ड ने राशन कार्ड सरेंडर करने का जारी किया सख्त निर्देश



चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में सरकारी राशन कार्ड के लाभुकों को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। रेलवे की ओर से जारी सूची में मंडल के 15 गजेटेड अधिकारियों समेत कुल 2321 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं, जिनके पास सरकारी राशन कार्ड होने की जानकारी सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि सूची में चक्रधरपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग के मुखिया और सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी का नाम भी शामिल है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी सूची में दर्ज हैं। इस खुलासे के बाद रेल मंडल में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।


रेलवे बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, सरकारी राशन कार्ड का लाभ ले रहे रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने राशन कार्ड सरेंडर करने का सख्त निर्देश दिया गया है। राशन कार्ड सरेंडर करने के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित फॉर्म भरकर इसकी पुष्टि भी करनी होगी। रेलवे का उद्देश्य ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों को सरकारी राशन योजना के दायरे से बाहर करना है, जो निर्धारित पात्रता की शर्तों के अनुरूप इसके हकदार नहीं हैं।


सरकारी राशन कार्ड का लाभ उठाने वाले रेलवे की सूची में शामिल 15 गजेटेड अधिकारियों में सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी के अलावा कार्मिक विभाग के एपीओपी ज्योतिष्वरा राव, इंजीनियरिंग विभाग के एएक्सईएन राजेश कुमार, आरपीएफ के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर मोहम्मद कलीमुद्दीन खान, सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग के डीएसटीई जितेश कुमार सपावत, मैकेनिकल विभाग के एडीएमई महेंद्र महंत, ऑपरेटिंग विभाग के डीओएम दीपक मुर्मू, इंजीनियरिंग विभाग के एईएन कमलेश कुमार सिंह, कमर्शियल विभाग के एसीएम राकेश कुमार बरनवाल, गति शक्ति विभाग के डिप्टी सीपीएम सुधीर कुमार, इंजीनियरिंग विभाग के एडीईएन राजेश कुमार वर्मा, रेलवे स्कूल के हेडमास्टर ओमपाल सिंह, सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग के डीएसटीई अनिल कुमार, सीनियर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर आलोक कुमार पांडे और स्वास्थ्य विभाग के एडीएमओ अश्वनी कुमार का नाम शामिल है।


2306 रेलकर्मियों के नाम भी सूची में


इस सूची में केवल वरिष्ठ अधिकारी ही नहीं, बल्कि चक्रधरपुर रेल मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत 2306 रेल कर्मियों के नाम भी शामिल हैं। इनमें लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, आरपीएफ जवान, ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन, कमर्शियल सुपरवाइजर, ऑफिस सुपरिटेंडेंट, टीटीई, कमर्शियल क्लर्क,टेक्नीशियन, स्टेशन मास्टर, सीनियर क्लर्क, जूनियर क्लर्क, और टिकट निरीक्षक समेत कई पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं।


अच्छी नौकरी और वेतन के बावजूद सरकारी राशन का लाभ लेने पर सवाल


इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी नौकरी और नियमित हजारों लाखों रूपये के वेतन पाने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ मंडल के वरिष्ठ गजेटेड अधिकारियों के नाम भी सरकारी राशन कार्डधारकों की सूची में सामने आने से लोग हैरान हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जिन लोगों की आर्थिक स्थिति सरकारी राशन योजना के लिए निर्धारित पात्रता के दायरे में नहीं आती, वे आखिर किस आधार पर अब तक इस योजना का लाभ उठा रहे थे? हालांकि, सूची में नाम शामिल होना अपने आप में किसी व्यक्ति द्वारा नियमों के उल्लंघन का अंतिम प्रमाण नहीं है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की पात्रता तथा राशन कार्ड की स्थिति की जांच भी जरूरी है।


रेलवे की ओर से राष्ट्रिय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्रता संबंधी प्रावधानों का हवाला देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को राशन कार्ड सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है। रेलवे का मानना है कि अपात्र लोगों के योजना का लाभ लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी राशन पहुंचाने में बाधा उत्पन्न होती है। रेलवे के अनुसार, देशभर में करीब 1.82 लाख रेलवे अधिकारी और कर्मचारी सरकारी राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजना से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।


अब देखना होगा कि रेलवे बोर्ड के इस सख्त निर्देश के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी और कर्मचारी कितनी गंभीरता से अपने राशन कार्ड सरेंडर करते हैं। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि जिन लोगों के नाम इस सूची में शामिल हैं, उनकी वास्तविक पात्रता की जांच किस तरह की जाती है। सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसके लिए रेलवे की यह पहल कितनी प्रभावी साबित होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

टिप्पणियां


bottom of page