चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक को लाइसेंस की स्वीकृति, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
सीएमएस डॉ. एसके मिश्रा के प्रयासों को मिली सफलता, विधायक सुखराम उरांव और डीआरएम का भी रहा योगदान; रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को मिलेगी राहत

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक संचालन के लिए लाइसेंस की स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति के साथ ही चक्रधरपुर शहर की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी रहने वाले चक्रधरपुर में लंबे समय से ब्लड बैंक की सुविधा नहीं होने के कारण रक्त का संग्रह और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में परेशानी होती रही है।
रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक की स्वीकृति मिलने के पीछे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एसके मिश्रा के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अस्पताल में योगदान देने के बाद से ही उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए कई पहल की हैं। ब्लड बैंक की स्थापना के लिए भी वे लंबे समय से प्रयासरत थे। आखिरकार उनके प्रयासों को सफलता मिली और रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक के संचालन के लिए लाइसेंस की स्वीकृति प्राप्त हुई।

इस पहल में स्थानीय विधायक सुखराम उरांव और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम का भी योगदान रहा। वहीं, मेंस कांग्रेस भी वर्ष 2021 से मंडल पीएनएम की बैठकों में ब्लड बैंक का मुद्दा लगातार उठाती रही है। संगठन के अनुसार, अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे।
ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध होने से रेलवे अस्पताल में होने वाले ऑपरेशन और अन्य शल्य चिकित्सा कार्यों के दौरान रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा दुर्घटना, आपातकालीन स्थिति और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी। इसका सीधा लाभ रेलकर्मियों, उनके परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी मिल सकता है।

गौरतलब है कि चक्रधरपुर में बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर ब्लड बैंक नहीं होने से रक्त संग्रह और जरूरत के समय उसकी उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। अब रेलवे अस्पताल को लाइसेंस की स्वीकृति मिलने से इस समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों ने खुशी जाहिर की है। मेंस कांग्रेस के शशि मिश्रा ने विधायक सुखराम उरांव, जिला प्रशासन, रेल प्रशासन और इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।





टिप्पणियां