चाईबासा: सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 45 हजार छात्राओं को जोड़ा जाएगा
- Rahul
- 2 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 45 हजार पात्र छात्राओं को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को पात्र छात्राओं का शीघ्र निबंधन कराने और ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर विवरणी अद्यतन करने का निर्देश दिया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर योजना का पोर्टल दोबारा खोला गया है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय स्तर पर पात्र छात्राओं की पहचान कर उनके आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और विवरणी जल्द अपडेट करने को कहा।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ई-विद्या वाहिनी पर अद्यतन विवरणी को संबंधित सीडीपीओ के लॉगिन के माध्यम से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के लॉगिन में समय पर अग्रसारित किया जाए। उन्होंने प्रखंड स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए निबंधन की प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
किशोरियों की शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा से जोड़ना, बाल विवाह रोकना, स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योजना के तहत कक्षा 8वीं और 9वीं की छात्राओं को 2,500-2,500 रुपये, कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं को 5-5 हजार रुपये तथा 18 से 19 वर्ष की पात्र युवतियों को एकमुश्त 20 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने आवेदन, सत्यापन और अग्रसारण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए शिक्षा और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।





टिप्पणियां