चाईबासा: कल्याण विभाग की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, 22,006 में से 19,299 विद्यार्थियों को मिली साइकिल
- Rahul
- 2 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। जिला स्तरीय समिति की बैठक में छात्रवृत्ति, उन्नति का पहिया साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान और वनाधिकार पट्टा समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि उन्नति का पहिया योजना के तहत जिले में निर्धारित 22,006 साइकिलों में से अब तक 19,299 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है। उपायुक्त ने शेष पात्र विद्यार्थियों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर साइकिल उपलब्ध कराने और शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में पारदर्शिता बरतते हुए पात्र विद्यार्थियों को जल्द राशि उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने जिला कल्याण कार्यालय और संबंधित बैंक से लाभुकों की अद्यतन सूची लेकर सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पात्र और जरूरतमंद लाभुकों को नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अलावा वनाधिकार पट्टा वितरण से जुड़े मामलों का भी नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विष्णु समेत संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।





टिप्पणियां