चाईबासा जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों का डीसी ने किया निरीक्षण
- Rahul
- 11 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिले के डीसी मनीष कुमार ने मंगलवार को चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न जलजमाव प्रभावित इलाकों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जलजमाव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और प्रभावित परिवारों को मिल रही राहत सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने अमला टोला पहुंचकर जलजमाव से क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने जल निकासी में आ रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। उपायुक्त ने अधिकारियों को तत्काल जल निकासी सुचारू करने के साथ भविष्य में जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जल प्रवाह और निकासी मार्ग का आकलन कर दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ संजय कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सीओ उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा और कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपायुक्त ने खिरवाल धर्मशाला में ठहराए गए प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बारिश और जलजमाव के कारण मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरदानी वितरण, कीटनाशक छिड़काव तथा बुखार और मलेरिया के लक्षण वाले लोगों की जांच व उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के साथ जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।





टिप्पणियां