दीपावली से पहले चक्रधरपुर के चांदमारी रोड को मिलेगा कालीकरण का तोहफा
सती मंदिर से देवगांव चौक तक बनेगी सड़क, जल निकासी के लिए आठ पुलिया का होगा निर्माण

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर की बहुचर्चित चांदमारी रोड के कालीकरण की तैयारी तेज हो गई है। दीपावली से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। चांदमारी में आरसीसी नाली निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सती मंदिर से देवगांव मुख्य चौक तक सड़क का कालीकरण कराया जाएगा। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए सड़क के विभिन्न हिस्सों में आठ पुलिया का निर्माण कराया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और सड़क पर जलजमाव की समस्या न बने।

लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के कालीकरण और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने से चांदमारी सहित आसपास के इलाकों के लोगों को सड़क की बदहाली से वर्षों बाद राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ सड़क की स्थिति में भी बड़ा सुधार आने की संभावना है।





टिप्पणियां