top of page

चक्रधरपुर स्टेशन के सामने फाउंटेन से बह रहा पानी, जल संरक्षण पर उठे सवाल

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
16 घंटे पहले
2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के लिए स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने लगाया गया फाउंटेन इन दिनों पानी की बर्बादी का कारण बनता नजर आ रहा है। फाउंटेन से लगातार पानी बाहर निकलकर सड़क की ओर दूर तक बहता दिखाई दे रहा है। सोमवार की रात भी स्टेशन के बाहर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब फाउंटेन का पानी बहकर काफी दूर तक सड़क पर फैल गया।


हैरत की बात यह रही कि स्टेशन परिसर में पानी की इस बर्बादी पर लंबे समय तक किसी का ध्यान ही नहीं गया। पानी सड़क पर बहता रहा और आसपास गंदगी एवं फिसलन की स्थिति भी बनती रही। बाद में जब इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी गई तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।


स्टेशन मास्टर ने फाउंटेन से पानी का बहाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन फाउंटेन को बंद करने की तकनीकी व्यवस्था की जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद फाउंटेन से बह रहे पानी को किसी तरह बंद कराया गया।



चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय का महत्वपूर्ण स्टेशन होने के कारण यहां इन दिनों साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में स्टेशन परिसर में स्वच्छ पानी का इस तरह सड़क पर बहना कई सवाल खड़े करता है। एक ओर रेलवे जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाता है, वहीं दूसरी ओर स्टेशन परिसर में ही पानी की खुलेआम बर्बादी देखने को मिल रही है।


फाउंटेन स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से लगाया गया है, लेकिन यदि इसकी नियमित निगरानी और रखरखाव नहीं किया जाए तो यही फाउंटेन पानी की बर्बादी और गंदगी का कारण बन सकता है। जरूरत है कि रेलवे फाउंटेन की नियमित जांच और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि स्टेशन की सुंदरता के साथ-साथ जल संरक्षण पर भी बराबर ध्यान दिया जा सके।

टिप्पणियां


bottom of page