top of page

कचरे और दुर्गंध से परेशान भलियाकुदर आंगनबाड़ी के बच्चे, सेविका और एएनएम

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
8 मिनट पहले
2 मिनट पठन

नगर परिषद ने लिया संज्ञान, अब केंद्र के सामने कचरा नहीं फेंकने का दिया आश्वासन



चक्रधरपुर: चक्रधरपुर में  भलियाकुदर श्मशान घाट के समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के सामने शहर का कचरा डंप किए जाने से केंद्र में आने वाले छोटे बच्चों के साथ सेविका और एएनएम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र के ठीक सामने कचरे का ढेर जमा होने से आसपास लगातार तेज दुर्गंध बनी रहती है।


आंगनबाड़ी सेविका और एएनएम के अनुसार, कचरे से निकलने वाली बदबू इतनी तेज होती है कि कई बार केंद्र के अंदर बैठना तक मुश्किल हो जाता है। दुर्गंध के कारण बच्चों को परेशानी होती है, जबकि केंद्र में काम करने वाली सेविका और एएनएम को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कई बार बदबू इतनी ज्यादा होती है कि उल्टी और तबीयत खराब होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।



सफाई के बाद फिर लग जाता है कचरे का ढेर


सेविका और एएनएम ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को जानकारी दी गई। कभी-कभार सफाईकर्मी कचरा हटाने पहुंचते हैं, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा उसी स्थान पर कचरे का ढेर जमा हो जाता है। उनका कहना है कि केवल कचरा हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने कचरा डंप किए जाने पर पूरी तरह रोक लगाने और नियमित सफाई की व्यवस्था जरूरी है।



नगर परिषद ने लिया संज्ञान


मामला सामने आने के बाद नगर परिषद ने भी इसे गंभीरता से लिया है। नगर परिषद की ओर से मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र के सामने कचरा नहीं फेंकने देने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार की बात कही गई है।



आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यदि केंद्र के आसपास ही लगातार कचरे का ढेर लगा रहे और दुर्गंध बनी रहे तो बच्चों के स्वास्थ्य के साथ-साथ केंद्र के संचालन पर भी असर पड़ना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि नगर परिषद के आश्वासन के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होता है या फिर कुछ दिनों बाद दोबारा कचरे का ढेर नजर आता है।


गंदगी के अलावे इस आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली पानी की भी घोर समस्या है. पानी दूर से लाना पड़ता है. जबकि केंद्र के अन्दर पंखे तो हैं लेकिन बिजली लाइन नहीं है. ऐसे में इस आंगनबाड़ी केंद्र की गंभीर स्थिति का अंदाजा आप लगा सकते हैं.



इस संबंध में चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने जानकारी मिलने पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली और पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायत मिलती है तो उसका त्वरित निवारण उनकी पहली प्राथमिकता होगी.

टिप्पणियां


bottom of page